नयागांव। प्रशासन की अनदेखी के कारण नयागांव मार्केट में कई सालों से एक भी सार्वजनिक शौचालय की व्यवस्था नहीं हो पाई है, जबकि यह स्थान मुख्यमंत्री आवास से कुछ ही कदमों की दूरी पर स्थित है। हालांकि लोग कई बार प्रशासनिक अधिकारियों के सामने गुहार लगा चुके हैं। इसके बावजूद अधिकारी सुध नहीं ले रहे।
कुछ समय पहले स्वच्छता पखवाड़े की रिपोर्ट के आधार पर सार्वजनिक शौचालय की व्यवस्था न होने के कारण प्रशासन को काफी लताड़ भी पड़ी थी। इसके बावजूद प्रशासन ने सबक नहीं लिया। सार्वजनिक शौचालयों के लिए नयागांव मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन समेत लोग लंबे समय से संघर्ष कर रहे हैं। एसोसिएशन के प्रधान केशव शर्मा और सेक्रेटरी सचिन जिंदल समेत ने बताया कि मार्केट के आसपास शौचालय नहीं होने के कारण यहां काम करने वालों के साथ-साथ खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को भी लघुशंका के लिए भटकना पड़ता है। केशव शर्मा ने कहा कि काउंसिल अधिकारियों को मौखिक व लिखित रूप में शौचालय की सुविधा के लिए रिक्वेस्ट भी कर चुके हैं। दुकानदारों ने बताया कि इमरजेंसी के दौरान वह लोग अपनी दुकान दूसरे दुकानदारों के भरोसे छोड़ जाते हैं। ऐसे में दुकान पर न होने से कस्टमर आगे निकल जाते हैं, इससे आमदनी पर भी फर्क पड़ता है। इस संबंध में नगर काउंसिल अधिकारी जगजीत शाही से संपर्क किया तो नेटवर्क प्रॉब्लम के कारण उनका नंबर कवरेज क्षेत्र से बताया जा रहा था।