जीरकपुर। सोमवार को गैस लीकेज के चलते ढकोली की स्पैंगल हाइट्स सोसाइटी के फ्लैट में आग लगने के मामले में मंगलवार को दमकल विभाग की टीम ने सोसाइटी में फायर सेफ्टी उपकरणों की जांच की। इस दौरान सोसाइटी में आग बुझाने वाले यंत्रों में कई अनियमितताएं मिलीं। सोसाइटी प्रबंधक फायर सेफ्टी संबंधित अधिकारियों को विभाग की ओर से जारी कोई दस्तावेज नहीं दिखा सके। फायर अफसर मनजीत सिंह के अनुसार सोसाइटी में लगे ज्यादातर उपकरण चालू हालत में नहीं हैं, जिसके लिए विभाग की ओर से सोसाइटी को बीते चार साल से लगातार नोटिस जारी किए जा रहे हैं परंतु सोसाइटी वालों की तरफ से इनको गंभीरता से नहीं लिया जा रहा। उन्होंने सोसाइटी प्रबंधकों को सख्त निर्देश जारी करते कहा कि वह जल्द आग बुझाने के यंत्रों को चालू हालत में करवाएं और अपने वाहन सिर्फ सोसाइटी की पार्किंग में ही पार्क करें। उन्होंने कहा कि यदि इस बार सोसाइटी की ओर से लापरवाही की गई तो सोसाइटी की प्राथमिक सुविधाएं बंद करने की सिफारिश उच्च अधिकारियों से की जाएगी।
बता दें कि गैस लीकेज के चलते हुए ब्लास्ट से आग में दो महिलाओं से समेत तीन लोग झुलस गए थे। फ्लैट मालिक सुनील गर्ग ने बताया कि अति गंभीर हालत में झुलसी उसकी माता उषा रानी को डॉक्टरों ने पीजीआई रेफर कर दिया है। उन्होंने कहा कि वह गैस सप्लाई करने वाली कंपनी और बिल्डर के खिलाफ घटिया सुविधाएं देने को लेकर अदालत में जाएंगे।