मोहाली। कजौली वाटर वर्क्स में पाइपलाइन लीकेज के कारण मंगलवार सुबह शहर के कई हिस्सों में वाटर सप्लाई प्रभावित रहेगी। सोमवार देर रात तक लाइन की मरम्मत का काम चल रहा था।
मंगलवार सुबह शहर के कई हिस्सों में पानी की सप्लाई लो प्रेशर से और तय शेड्यूल से कुछ समय की देरी से होगी। हालांकि वाटर सप्लाई एंड सेनिटेशन डिपार्टमेंट के अधिकारियों का कहना है कि सप्लाई में कोई समस्या नहीं आने दी जाएगी, इसके लिए इंतजाम किए जा रहे हैं। एक्सईएन अनिल कुमार ने बताया कि रविवार रात से कजौली वाटर वर्क्स की फेज-3 सप्लाई लाइन में लीकेज हो रहा है। इस लाइन से चंडीगढ़ व मोहाली को 20 मिलियन गैलन पानी रोजाना सप्लाई होता है। इसमें लीकेज के चलते मोहाली के सेक्टर-70, 71, मटौर, फेज-9, 10 व 11 के इलाके प्रभावित होंगे। उन्होंने बताया कि वह लगातार यूटी के अधिकारियों के संपर्क में हैं और लाइन की मरम्मत की जानकारी लेने के साथ ही वैकल्पिक व्यवस्था करने में जुटे हैं। एक्सईएन का कहना है कि लोगों को समस्या नहीं आने दी जाएगी। लाइन की मरम्मत का काम भी मंगलवार सुबह से पहले पूरा होने की संभावना है।