खरड़। खरड़-मोहाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनाए जा रहे फ्लाईओवर के निर्माण कार्य के कारण जो ट्रैफिक की समस्या आ रही है, उसे जल्द ही दूर कर दिया जाएगा। गलत दिशा में वाहन चलाने वालों को अब बख्शा नहीं जाएगा और अलग अलग कटों पर नाकाबंदी करके ट्रैफिक नियमों की उल्लंघना करने वाले वाहन चालकों के चालान काटे जाएंगे। यह बात खरड़ ट्रैफिक पुलिस के नए इंचार्ज एएसआई हर्षपाल शर्मा ने शनिवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही। उन्होंने कहा कि इस काम के लिए ट्रैफिक मार्शलों का सहयोग भी लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि खरड़-मोहाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर के कारण कई सरकारी बसों समेत अन्य वाहन चालक कई बार गलत दिशा में अपने वाहन चलाते हैं जिस कारण यातायात बुरी तरह प्रभावित हो जाता है। ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने युवाओं से अपील की कि बुलेट मोटरसाइकिल पर पटाखे न चलाएं। ऐसे मोटरसाइकिलों को जब्त किया जाएगा।
ट्रैफिक इंचार्ज ने कहा कि ट्रैफिक पुलिस द्वारा समय समय पर स्कूलों व कालेजों में ट्रैफिक जागरूकता कैंप लगा कर विद्यार्थियों को जागरूक किया जाता है। उन्होंने कहा कि इस सड़क पर पड़ने वाले गड्ढों को भरने के लिए एल एंड टी कंपनी के मैनेजर को कहा है, ताकि यातायात जाम की स्थिति न बने। इसके अलावा कंपनी को हर रोज पानी का छिड़काव करने के लिए भी कहा है ताकि धूल वाहनों के कारण उड़ कर लोगों के लिए परेशानी का कारण न बने। इस अवसर पर मुंशी एएसआई कुलविंदर सिंह, एएसआई जगदीश सिंह सोढी, हवलदार संजीव कुमार, हवलदार अमरीक सिंह, अजैब सिंह, ट्रैफिक मार्शल भगत सिंह तथा अमृतपाल सिंह आदि उपस्थित थे।