कुराली। गांव अकालगढ़ में रात को एक टिप्पर की टक्कर से गांव की फिरनी पर बिजली का खंभा व तार टूट गए, जिससे बिजली सप्लाई ठप हो गई और पूरी रात इलाका अंधेरे में डूबा रहा। गर्मी में लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। गांव वासियों ने शुक्रवार को दिन में गांव में से निकलने वाले टिप्परों को घेरकर रोष व्यक्त किया। बलजीत सिंह, जसविंद्र सिंह, संदीप कुमार, जतिंद्र सिंह, रूपिंद्र सिंह तथा अन्य ने बताया कि माजरी ब्लॉक में माइनिंग को प्रवानगी नहीं है। न ही क्षेत्र में किसी नदी को ठेके पर दिया गया है। इसके बावजूद प्रशासन की मिलीभगत से रात को अवैध माइनिंग होती है और गांवों में से टिप्पर निकलते हैं। उन्होंने कहा कि रात को टिप्पर चालक बिजली का खंभा तोड़कर फरार हो गया और बिजली के तार नीचे गिरने के कारण हादसा होने से बच गया। उन्होंने कहा कि बिजली कर्मचारियों को बुलाकर सप्लाई बंद करवाई गई। नया खंभा लगाकर कर्मचारियों ने बिजली सप्लाई को चालू किया। गांव वासियों ने सरकार और प्रशासन से मांग की कि क्षेत्र में हो रही माइनिंग और रात के समय दौड़ते टिप्परों पर काबू पाया जाए।