मोहाली। सेक्टर-76 से 80 के लोगों को अब पानी के संकट का सामना नहीं करना पड़ेगा। लोगों को 24 घंटे पानी की सप्लाई मिलेगी। यह संभव होने जा रहा है सेक्टर-79 में चार करोड़ रुपये की लागत से बनाए गए आधुनिक वाटर वर्क्स के शुरू होने से। इसकी क्षमता 16 लाख गैलन पानी की है। इसका शुभारंभ कैबिनेट मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने किया। इस मौके पर गमाडा के चीफ इंजीनियर सुनील कांसल, एसई दविंदर सिंह, एक्सईएन जन सेहत भगवान दास समेत कई अधिकारी व लोग मौजूद रहे।
कैबिनेट मंत्री ने लोगों को पानी को संभलकर प्रयोग करने और घरों के आगे अवैध कब्जे न करने की नसीहत दी, क्योंकि बरसात के मौसम में अवैध कब्जों के कारण जलभराव की स्थिति पैदा हो जाती है। उन्होंने कहा कि यदि सड़कों के किनारे साफ सुथरे होंगे तो पानी आसानी से सीवरेज लाइन में जाकर निकल जाएगा। कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को आदेश दिए कि इलाके में जो भी सड़कें बनने से रह गई हैं, उनको तुरंत बनाया जाए। मौली बैदवान की फिरनी को पक्का करने के लिए भी कहा। इस दौरान सेक्टर-76 से 80 के अलाटियों ने जल्द प्लाट देने की मांग की। इस पर सिद्धू ने कहा कि गमाडा की तरफ से इस संबंधी कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही अलाटियों को प्लाट मिल जाएंगे। इस मौके पर मंत्री के राजनीतिक सचिव हरकेश चंद शर्मा, सेक्टर-76 से 80 रेजिडेंट वेलफेयर कमेटी के प्रधान सुच्चा सिंह कलौड़, ज्वाइंट सचिव हरमेश लाल, सीनियर उपप्रधान सुच्चा सिंह कल्लौड़, ज्वाइंट सचिव हरमेश नाल, सीनियर उपप्रधान मेज सिंह, भगवंत सिंह गिल, निर्मल सिंह सभरवाल भी मौजूद थे।
एयरोसिटी में होती है 24 घंटे पानी की सप्लाई
गमाडा द्वारा एयरोसिटी में 24 घंटे पानी की सप्लाई शुरू की गई थी। यह प्रोजेक्ट कामयाब रहा है। हालांकि इलाके में पानी के रेट ज्यादा होने से लोग संघर्ष की राह पर हैं। उनका कहना है कि उक्त एरिया में नगर निगम की तर्ज पर पानी के रेट रखे जाएं। नगर निगम द्वारा प्रति हजार लीटर के 1.80 रुपये लिए जाते हैं, जबकि गमाडा द्वारा करीब नौ रुपये वसूले जाते हैं।