मोहाली। वर्ल्ड क्लास सिटी मोहाली अब सेहत सुविधाओं के हिसाब से जहां पंजाब का अग्रणी जिला बनेगा, वहीं मेडिकल के क्षेत्र में विदेशों में भी इसकी पहचान होगी। इतना ही नहीं इससे पंजाब में मेडिकल टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा और लोगों को रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे। यह संभव होने जा रहा है मोहाली के विधायक बलबीर सिंह सिद्धू को सेहत विभाग की जिम्मेदारी मिलने से। इससे पहले उनके पास पशु पालन विभाग था, जिसमें भी उन्होंने शानदार काम किया। वहीं, अब उनका कहना है कि मोहाली के साथ पंजाब को मेडिकल सुविधाओं से लैस करना है। साथ ही हर व्यक्ति को तंदुरुस्त बनाने की दिशा में काम करना है।
बलबीर सिंह सिद्धृ के सेहत मंत्री बनने से लोगों को उनसे कई उम्मीदे हैं, क्योंकि मोहाली मेडिकल कालेज बनाने का श्रेय भी उन्हें ही जाता है। हालांकि लोकसभा चुनाव के चलते यह प्रोजेक्ट थोड़ा धीमा पड़ गया था, लेकिन वीरवार को जैसे ही चुनाव के बाद कैबिनेट की मीटिंग हुई, उसमें मोहाली में बनने जा रहे मेडिकल कालेज के लिए 991 पद मंजूर किए गए हैं। पंजाब कांग्रेस के सचिव राजवंत शर्मा ने कहा कि सिद्धू का सेहत मंत्री बनना मोहाली के लिए फायदेमंद रहेगा। इससे इलाके में विकास होगा। वहीं, लोगों को बढ़िया सेहत सुविधाएं मिलेंगी।
जिक्रयोग है कि इससे पहले बलबीर सिंह सिद्धू के पास पशुपालन विभाग था। इसमें भी उन्होंने शानदार काम किया। एक तरफ जहां युवाओं को रोजगार मुहैया करवाने के लिए उन्होंने कई ट्रेनिंग कोर्स शुरू करवाए, वहीं खस्ताहाल चल चली पशु डिस्पेंसरियों व अन्य सुविधाओं में नई जान डाली। इसके अलावा नॉर्थ ईस्ट के राज्यों को मीट आदि सप्लाई करने के लिए रणनीति बनी थी।
अब मेडिसिटी के विकास में भी आएगी तेजी
मोहाली में ही सरकार द्वारा मेडिसिटी बसाई जा रही है। इसमें टाटा कैंसर अस्पताल से लेकर कई नामी अस्पताल आ रहे हैं। सिद्धू के मंत्री बनने से अब इस काम में तेजी आएगी। उम्मीद है कि इस साल के आखिर तक मेडिसिटी शुरू हो जाएगी।
पाकिस्तान, अफगानिस्तान और इराक का जीता दिल
मेडिकल टूरिज्म में मोहाली के अस्पताल पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान, अफगानिस्तान और इराक का पहले जी दिल जीत चुके हैं। पाकिस्तान और अफगानिस्तान के दिल के मरीज बच्चों का इलाज वहां पर हुआ था। इसके अलावा इराक में युद्ध के दौरान घायल हुए सैनिकों को भी मोहाली में ही इलाज से दूसरा जन्म मिला था।