जीरकपुर। सोमवार देर रात को आया तूफान शहरवासियों के लिए मुसीबत बन गया। तूफान और बारिश के कारण बलटाना के अधिकतर एरिया में बिजली गुल हो गई। इससे लोगों को पीने वाले पानी की सप्लाई भी नहीं मिल पाई। लोग रातभर व उसके बाद पूरा दिन परेशान होते रहे और सरकार के खिलाफ रोष जताया।
सोमवार रात करीब साढ़े 12 बजे बलटाना की एकता विहार, सैणी विहार-1, 3 व 4, आनंद विहार, गिल कालोनी, पीर बाबा रोड के अलावा गोल्डन एस्टेट, विकास नगर, सदाशिव एनक्लेव में लाइट गुल हो गई। तूफान की वजह से लोगों ने सोचा कि सुबह तक लाइट आ जाएगी, परंतु अगली सुबह मौसम ठीक होने के बाद भी लाइट नहीं आई। लोगों ने शिकायत के लिए पावरकॉम का नंबर मिलाया तो नंबर नहीं मिला। यही हाल गोविंद विहार, न्यू गोविंद विहार, अमृत विहार और हेम विहार का था, जहां रहने वाले लोग मंगलवार शाम तक लाइट आने का इंतजार करते रहे।
शाम 4 बजे पानी नसीब हुआ
बलटाना के रहने वाले अनिल ने बताया कि लाइट न होने से सुबह पानी की सप्लाई नहीं मिल पाई, क्योंकि ट्यूबवेल लाइट न होने की वजह से बंद थे। लोगों को पानी के टैंकर मंगवाकर दिन निकालना पड़ा। शाम 4 बजे तब लाइट आई और पीने का पानी नसीब हुआ।
पार्षद का बिल्कुल ध्यान नहीं
गोविंद विहार के प्रवीन मित्तल ने बताया कि उनकी कालोनी में पीने वाले पानी को लेकर परेशानी चल रही है, जिस तरफ पार्षद का बिल्कुल ध्यान नहीं। लो प्रेशर पानी की सप्लाई का खामियाजा कालोनी वासियों को भुगतना पड़ रहा है। तूफान ने जीवन अस्तव्यस्त कर दिया, क्योंकि सुबह उठकर नौकरी पर जाने वालों को बिना लाइट-पानी के भारी मुसीबतों का सामना करना पड़ा।
सारा दिन आती-जाती रही लाइट
लोहगढ़ की अधिकतर कालोनियों में देर रात लाइट काट दी, जो सुबह आई जरूर, लेकिन बीच-बीच में रुक-रुक कर। सारा दिन लाइट आती-जाती रही, जिसको लेकर गोल्डन एनक्लेव, स्काइनेट एनक्लेव, सर्वमंगल सोसाइटी, ग्रीन पार्क आदि कालोनी वासियों में सरकार के खिलाफ रोष था।