बनूड़/लांडरां। बनूड़ से तेपला अंबाला को जाते बाबा बंदा सिंह बहादुर मार्ग पर स्थित गांव चंगेरा के नजदीक कार और ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर में आठ लोग घायल हो गए। हादसा रविवार सुबह करीब छह बजे हुआ। दोनों वाहनों के चालकों की हालत गंभीर है जिन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है।
ट्रैक्टर ट्राली पर छह प्रवासी मजदूर और गांव बूटा सिंह वाला का ट्रैक्टर चालक बासमा क्षेत्र में स्थित मुर्गी फार्म में मुर्गियों की खाद लेने जा रहे थे। ट्रैक्टर पर सिर्फ चालक बैठा था और ट्राली पर मजदूर बैठे थे। जब वह गांव चंगेरा के नजदीक पहुंचे तो बनूड़ से तेपला की तरफ जा रही एक कार ट्राली से टकरा गई। हादसे में बेकाबू ट्रैक्टर ट्राली खदानों में उतर गया और सभी छह प्रवासी मजदूर घायल हो गए। कार सवार दो व्यक्तियों में से कार चालक बुरी तरह घायल हो गया। राहगीरों ने तुरंत घायलों को बनूड़ के अस्पताल में पहुंचाया, जहां मजदूरों को प्राथमिक उपचार देकर छुट्टी दे दी गई, परंतु दोनों वाहन चालकों की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने सेक्टर-32 के सरकारी मेडिकल अस्पताल में भेज दिया जहां से उन्हें पीजीआई रेफर कर दिया गया। थाना बनूड़ के एएसआई गुरनाम सिंह ने बताया कि हादसे के कारणों का पता नहीं चल सका। कार सवार पटियाला के निवासी बताए जा रहे हैं।