जीरकपुर। सिंहपुरा चौक के निकट झुग्गी में रहते परिवार की 15 वर्षीय लड़की की करंट लगने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को पंचकूला के सिविल अस्पताल के शव गृह में रखवा मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच कर रहे एएसआई अजीत सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि रविवार को 15 वर्षीय शिवाना नामक लड़की को झुग्गी में करंट लगने के कारण घायल अवस्था में पंचकूला के सेक्टर-6 स्थित अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहां उसकी मौत हो गई। अस्पताल से ही पुलिस को जानकारी मिली जिसके बाद मृतका के पिता रमजान ने पुलिस को बताया कि वह दिहाड़ी पर गए थे। उनकी बेटी शिवाना घर पर अकेली थी और झुग्गी में पंखा और टीवी चल रहा था। पंखे की नंगी तार से शिवाना को करंट लग गया। उसे जब अस्पताल ले जाया गया तो चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि सोमवार को शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।