डेराबस्सी। तहसील रोड पर पड़ते साधू नगर में बिजली-पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। भीषण गर्मी में कालोनी 24 घंटों से बिजली सप्लाई ठप है और लोग बिना बिजली-पानी के बेहाल हैं। कालोनी वासियों ने आरोप लगाया कि यह आज का समस्या नहीं है बल्कि रोजाना बिजली की आंख मिचौली चल रही है, जबकि पावरकॉम के अधिकारियों ने इन गर्मियों में कट मुक्त बिजली देने का दावा किया था। इसकी तैयारियों के लिए सर्दियों में भी कट लगाकर गर्मियों की तैयारी करने का दावा किया जाता रहा, लेकिन उनके दावे हवाहवाई साबित हो रहे हैं।
तहसील रोड पर स्थित साधू नगर डेराबस्सी की पॉश कालोनी है, जहां नगर काउंसिल के सीनियर उपप्रधान मुकेश गांधी के अलावा तीन काउंसलर हरीओम धीमान, जसप्रीत सिंह लक्की व नरेश उपनेजा सहित शहर के गणमान्य व्यक्ति रहते हैं। यहां शुक्रवार रात करीब आठ बजे बिजली सप्लाई ठप हुई जो शनिवार रात तक भी सुचारु नहीं हो पाई। बिजली नहीं होने के कारण पानी की किल्लत भी बढ़ गई, जिसको दूर करने के लिए लोगों ने अपने खर्च पर निजी टैंकर मंगवाकर बड़ी मुश्किल से गुजारा किया।
लोगों ने रोष प्रकट करते हुए बताया कि बिजली सप्लाई ठप होने पर तुरंत पावरकॉम को सूचित कर दिया था। पावरकॉम के अधिकारियों ने लोगों को जानकारी दी कि कालोनी में बिजली सप्लाई करने वाला ट्रांसफार्मर जलने के कारण यह दिक्कत आ रही है। अधिकारियों ने जल्द ही सप्लाई चालू होने का दावा किया था, परंतु पावरकॉम 24 घंटों बाद भी कालोनी में बिजली सप्लाई सुचारु करने में नाकाम रहा। कुछ घंटों में ही इन्वर्टर जवाब दे गए, जिसके बाद लोगों को सारी रात जाग कर निकालनी पड़ी। देर शाम आठ बजे खबर लिखे जाने तक बिजली सप्लाई चालू नहीं हुई थी।
कोट
कालोनी का ट्रांसफार्मर नया रखवा दिया है जिसको चालू करने में कुछ देरी लग रही है। दावा किया कि जल्द ही सप्लाई बहाल हो जाएगी।
-खुशविंदर सिंह, एक्सईएन, पावरकॉम।