मोहाली। पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (पीएसईबी) द्वारा 10वीं और 12वीं कंपार्टमेंट, री-अपीयर व एडिशनल सब्जेक्ट कैटेगरी विषयों की परीक्षाएं जुलाई में आयोजित की जाएंगी। बोर्ड मैनेजमेंट द्वारा बुधवार को परीक्षा फार्म भरने संबंधी शेडयूल जारी कर दिया गया। बोर्ड के सचिव कम डीजीएसई मोहम्मद तैय्यब ने इसकी पुष्टि की। वहीं, उन्होंने साफ किया है कि इस संबंधी अधिक जानकारी बोर्ड की वेबसाइट से हासिल की जा सकती है।
पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड के मुताबिक दसवीं कक्षा के लिए 1050 रुपये और 12वीं कक्षा के लिए परीक्षा फार्म भरने की फीस 1350 रुपये है। बिना किसी लेट फीस व दोनों श्रेणियों के लिए परीक्षा फार्म भरने व चालान जनरेट करने की आखिरी तारीख 10 जून तय की गई है। इसके बाद बैंक में चालान के माध्यम से फीस जमा करवाने की आखिरी तारीख 14 जून व परीक्षा फार्म जमा करवाने की आखिरी तारीख 19 जून तय की गई है। वहीं, बोर्ड ने विद्यार्थियों को एक बड़ी राहत यह भी दी है कि विद्यार्थी बोर्ड के मुख्य दफ्तर के अलावा क्षेत्रीय दफ्तरों में दाखिला फार्म जमा करवा सकते हैं।
लेट फीस के साथ ऐसे रहेगा शेडयूल
बोर्ड अधिकारियों ने बताया कि 18 जून तक फार्म भरने, चालान जनरेट करने के लिए एक हजार रुपये लेट फीस तय की गई। वहीं, ऐसे में 24 जून तक बैंक में चालान के माध्यम से फीस जमा करवाकर 28 जून तक परीक्षा फार्म जमा करवाने होंगे। इसके बाद भी कोई विद्यार्थी रह जाता है तो 2000 हजार रुपये लेट फीस के साथ 25 जून तक परीक्षा फार्म भरकर चालान जनरेट करवाने के बाद 1 जुलाई तक बैंक में फीस जमा करवाकर 5 जुलाई तक अपना फार्म जमा करवा सकता है। वहीं, लेट फीस के साथ भरे जाने वाले दाखिला फार्म बोर्ड के मुख्य दफ्तर में भरे जाएंगे।
वेबसाइट पर ही मिलेंगे रोल नंबर
बोर्ड के अधिकारियों ने साफ किया है कि परीक्षा फीस पंजाब नेशनल बैंक व स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में चालान के माध्यम से जमा करवाई जाए। विद्यार्थियों को परीक्षा संबंधी रोल नंबर बोर्ड की वेबसाइट से हासिल करने होंगे। किसी भी विद्यार्थी को डाक के माध्यम से रोल नंबर नहीं भेजे जाएंगे। वेबसाइट पर जानकारी डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यूडॉटपीएसईबीडॉटएसीडॉटआईएन से हासिल की जा सकती है।