खरड़। गांव मदनहेड़ी में करीब 14 छोटे बच्चों के बीमार होने के बाद सेहत विभाग की टीम ने घर-घर जाकर सर्वे किया। पीलिया फैलने की आशंका के चलते पब्लिक हेल्थ, जल सप्लाई व सैनीटेशन विभाग के उच्च अधिकारी भी गांव में पहुंचे और बड़ी मात्रा में हो रही पानी की लीकेज को ठीक करवाया। इस अवसर पर गांव मदनहेड़ी के सरपंच जसविंदर सिंह ने बताया कि सुबह ही विभाग के उच्च अधिकारी गांव में पहुंच गए थे और जहां कहीं भी पानी की लीकेज हो रही थी, उसे ठीक करवा दिया है। उन्होंने रोष भरे स्वर में कहा कि जब गांववासी पिछले कई दिन से इस संबंधी विभाग को शिकायतें दे रहे थे तो इन अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा कि यदि किसी गांववासी का जानी नुकसान हो जाता तो किसकी जिम्मेदारी थी।
रिपोर्ट में कोई भी बच्चा पीलिया से पीड़ित नहीं
पीएचसी घड़ुआं की एसएमओ डॉ. कुलजीत कौर ने बताया कि गांव मदनहेड़ी में पीलिया की बीमारी से संबंधित कोई नया केस सामने नहीं आया है। उन्होंने बताया कि जिन बच्चों के खून के सैंपल लिए गए, उनकी रिपोर्ट आ गई है और इनमें से कोई भी बच्चा पीलिया की बीमारी से पीड़ित नहीं पाया गया है। उन्होंने बताया कि गांव से पानी के लिए गए सैंपलों की रिपोर्ट अभी नहीं आई है। उन्होंने कहा कि पीड़ित बच्चों को इलाज चल रहा है और अब उनके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है।