मोहाली। लोकसभा चुनाव में जिले में कुल 3236 दिव्यांग वोटर मतदान करेंगे, जिन्हें मतदान केंद्रों तक लाने के लिए फ्री पिकअप एंड ड्रॉप सुविधा मुहैया करवाई जाएगी। यह जानकारी डीसी-कम-जिला निर्वाचन अधिकारी गुरप्रीत कौर सपरा ने दी। उन्होंने बताया कि सहायक रिटर्निंग अफसरों को आदेश दिए हैं कि दिव्यांगों को यह सुविधा देने को यकीनी बनाएं। आयोग की तरफ से इस संबंधी एक मोबाइल एप पीडब्ल्यूडी विकसित की गई है। इसमें नाम दर्ज करवाने के बाद बूथ तक पहुंचने और घर छोड़ने की सुविधा फ्री में मिलेगी। प्रशासन ने इस बार दिव्यांगों के लिए काम करने वाली गैरसरकारी संस्थाओं से तालमेल स्थापित किया हुआ है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि यह सेवा स्वेच्छा पर आधारित होगी, जो कोई सेवा नहीं लेना चाहेगा, उसे यह सुविधा नहीं दी जाएगी। जो लोग यह सुविधा लेना चाहते हैं तो वह पीडब्ल्यूडी एप पर रजिस्ट्रेशन जरूर करवाएं। उन्होंने बताया कि हरेक पोलिंग स्टेशन पर वाहनों व हेल्परों का प्रबंध रहेगा। इसके अलावा हरेक बूथ पर व्हील चेयर की सुविधा रहेगी। साथ ही वालंटियर भी तैनात किए जाएंगे। इस सेवा का उद्देश्य किसी राजनीतिक पार्टी को दिव्यांगों को मुफ्त सेवा देने से रोकना है।