हाथ में डिग्रियां आते ही खिले चेहरे
सरकारी कालेज में दीक्षांत समारोह आयोजित
220 विद्यार्थियों को बांटीं डिग्रियां, अतिरिक्त मुख्य सचिव उच्च शिक्षा थे मुख्य मेहमान
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली। फेज-6 स्थित सरकारी कालेज में सोमवार को दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया। अतिरिक्त मुख्य सचिव उच्च शिक्षा एसके संधू मुख्य मेहमान के रूप में उपस्थित हुए जबकि डीपीआई कालेज इंदू मल्होत्रा सम्मान-ए-मेहमान व डॉ. हरजीत सिंह गिल विशेष मेहमान के रूप में उपस्थित हुए। अतिथियों ने कॉलेज के 2016-17 व 2015-16 के ग्रेजुएट व पोस्ट ग्रेजुएट कर चुके 220 विद्यार्थियों को डिग्रियां देकर सम्मानित किया। डिग्रियां पाकर विद्यार्थियों के चेहरे की खिले हुए नजर आए। अधिकतर विद्यार्थी अपने अभिभावकों व जानकारों के साथ पहुंचे थे। मुख्य मेहमान संधू ने विद्यार्थियों को कहा कि जीवन में आने वाली चुनौतियों का हमेशा पूरी बहादुरी से मुकाबला करना चाहिए, तभी सफलता मिल सकती है। प्रिंसिपल कोमल ब्रोका ने मुख्य मेहमान, पूर्व प्रिंसिपलों, पूर्व अध्यापकों, ओल्ड स्टूडेंट्स एसोसिएशन के मेंबरों व विद्यार्थियों के अभिभावकों व डिग्री लेने वाले विद्यार्थियों का स्वागत किया और कालेज की सालाना रिपोर्ट पेश की। वाइस प्रिंसिपल, कालेज रजिस्ट्रार व समूचा स्टाफ समागम में मौजूद रहा। मंच संचालन प्रो. जसपाल सिंह ने किया।