मोहाली। सेक्टर-76 के जिला रोजगार एवं कारोबार ब्यूरो (डीबीईई) कार्यालय की ओर से रोजगार शिविर लगाया गया। इसमें विभिन्न निजी कंपनियों के लिए युवाओं का चयन किया गया। इसमें कुल 25 आवेदक पहुंचे, जिनमें से 15 युवाओं ने इंटरव्यू का पहला एचआर राउंड सफलतापूर्वक पास किया और उन्हें दूसरे राउंड के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। डिप्टी सीईओ सुखमन बाथ ने बताया कि रोजगार शिविर का उद्देश्य युवाओं को सीधे नौकरियों से जोड़ना है। जिन आवेदकों का चयन नहीं हुआ, उन्हें निराश होने की जरूरत नहीं है। कई युवाओं में टैलेंट है, लेकिन कम्युनिकेशन स्किल्स, टेक्निकल नॉलेज और सैलरी अपेक्षाओं की वजह से वे चयन प्रक्रिया में पिछड़ गए। ऐसे युवाओं को डीबीईई की ओर से स्किल डेवलपमेंट और करियर गाइडेंस से जोड़ा जाएगा, ताकि वे आगे के कैंप्स में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। रोजगार कार्यालय की ओर से यह शिविर युवाओं के लिए एक अच्छा अवसर साबित हुआ, जहां उन्हें इंटरव्यू अनुभव भी मिला और अपनी कमियों को पहचानने का मौका भी। आने वाले समय में और भी ऐसे कैंप आयोजित किए जाएंगे।