जीरकपुर। पुलिस ने एक व्यक्ति की शिकायत पर उसकी ओर से एक कंपनी की सोशल साइट पर जिम का सामान ऑनलाइन बेचने के लिए डाला गया तो उसको झांसा देकर खाते से डेढ़ लाख रुपये उड़ा लिए गए। पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज किया है। पुलिस को शिकायत में पीड़ित सागविक निवासी जीरकपुर ने बताया कि उसने ऑनलाइन कंपनी की साइट पर जिम का सामान बेचने के लिए विज्ञापन दिया था तो एक व्यक्ति का फोन आया कि वह सामान खरीदना चाहता है और अपना नाम श्रीकांत बताया। इसके बाद उसने अलग-अलग नंबरों से कई बार उसे फोन किया। इसके बाद उसने कहा कि आपको विश्वास दिलाने के लिए मैं आपको पैसे पहले गूगल पे कर देता हूं, इसके बाद उसने मेरे गूगल पे पर एक रुपया भेज दिया। इसके बाद मैंने कन्फर्म करने के लिए उसके नंबर पर दो रुपये भेजे तो इसके बाद उसने मुझे 28 हजार 500 रुपये का बार कोड भेजा और बोला कि मेरे खाते से एक हजार रुपये पता नहीं कैसे कट गए हैं। ऐसा करके मुझे बातों में उलझा लिया और उसके खाते से पहले एक लाख दो हजार 500 और फिर 50 हजार रुपये निकाल लिए। इसके बाद उसने शिकायत साइबर क्राइम कंट्रोल रूम को दी। इसके बाद पुलिस ने जांच कर अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।