अवैध रेहड़ियों के मामले ने तूल पकड़ा
फेज-3बी2 के दुकानदारों ने मीटिंग कर निगम से रेहड़ियों को मार्केट से हटाने की मांग की
दुकानदारों ने मार्केट में पुलिस गश्त भी बढ़ाने को कहा
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली।
शहर की मार्केट में अवैध तरीके से लगने वाली रेहड़ी-फड़ी वालों के खिलाफ दुकानदार एक बार फिर एकजुट हो गए हैं। इस कड़ी में फेज-3बी2 की मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन की आपात बैठक हुई। इसमें दुकानदारों ने मार्केट में अवैध तरीके से लगने वाली रेहड़ी-फड़ी पर कार्रवाई की मांग की। साथ ही मार्केट में पुलिस की गश्त भी बढ़ाने को कहा। जिससे मार्केट में माहौल खराब करने वाले शरारती तत्वों पर कार्रवाई की जा सके। मार्केट के प्रधान जेपी सिंह ने इसकी पुष्टि की है।
प्रधान ने कहा कि अवैध रेहड़ियां लगने से मार्केट की सूरत बदल गई है। इसे देखने से ऐसा लगता है कि मानो रेहड़ी-फड़ी मार्केट हो। उन्होंने कहा कि रेहड़ी-फड़ी पर सामान काफी सस्ता मिलता है, लेकिन उनकी उच्च गुणवत्ता नहीं होती। इसके बावजूद लोग सस्ता खाना लेने चले जाते हैं। दुकानदारों का कहना है कि रेहड़ी-फड़ी वालों के कारण मार्केट के दुकानदारों का काम ठप हो गया है। रेहड़ी-फड़ी वालों के कारण मार्केटों में कारोबार प्रभावित हो रहा है। कई दुकानदार इस कारण घाटे का शिकार होने पर दुकान बंद कर यहां से चले गए हैं। उन्होंने कहा कि रेहड़ी-फड़ी वालों को जब सामान बेचने से रोका जाता है तो वह दुकानदारों से लड़ाई करते हैं। ये दुकानदारों को धमकियां भी देते हैं। उन्होंने कहा कि मार्केट में कोई घटना होने पर रेहड़ी-फड़ी के कारण मौके तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है।
निगम के आदेश हवा में
उन्होंने कहा कि मार्केट में ज्यादातर रेहड़ियां लगती हैं, लेकिन इस पर न तो निगम की नजर पड़ रही है और न ही गमाडा की। जूस वाले तो बाकायदा मार्केट में टेबल और कुर्सियां लगाकर बैठते हैं। इसी तरह रेहड़ियों पर चावल-दाल समेत अन्य सामान बेचने वालों का हाल है। दुकानदारों का कहना है कि उन्हें खर्च निकालना भी मुश्किल हो गया है।