मोहाली। पशु पालन और डेरी विकास विभाग की ओर से फेज-2 में दूध की जांच का कैंप लगाया गया। इसका उद्घाटन समाज सेवी जसकरन सिंह ने किया। पंजाब डेयरी विकास बोर्ड की तरफ से चलाए जा रहे दूध उपभोक्ता जागरूकता मुहिम तहत मोबाइल लेबोरेटरी द्वारा कैंप में दूध के 41 सैंपल टेस्ट के लिए लिए गए। इसमें से 37 सैंपल सही पाए गए। जबकि बाकी 6 सैंपलों में दूध में पानी की मिलावट पाई गई। जिसकी मात्रा 11 से 19 प्रतिशत तक थी। पानी की मिलावट के अलावा किसी भी नमूनों में हानिकारक केमिकल/बाहरी पदार्थ नहीं डाले गए। डेयरी टेक्नोलोजिस्ट दर्शन सिंह ने बताया कि दूध उपभोक्ताओं को दूध के सैंपल टेस्ट करने के बाद नतीजे लिखित रूप में मौके पर ही सौंपे गए। उन्होंने बताया कि विभाग के दफ्तरों में दूध की जांच फ्री करवाई जाती है। किसी भी जगह पर यदि ऐसा कैंप आयोजित करवाना हो तो विभाग के जिला स्तरीय दफ्तर या हेल्पलाइन नंबर 0172 -5027285 पर संपर्क किया जा सकता है। इस मौके पर रुपिन्दर कौर, गीता, सीमा, आशा, सरोज कुमारी, मोहण सिंह, मंगल सिंह, कुलदीप सिंह, गौरव, राजेश कुमार, हरदेव सिंह, संजीव कुमार और गुरदीप सिंह भी मौजूद रहे।