मोहाली। सोहाना पुलिस ने कनाडा की पीआर दिलाने के नाम 14 लाख रुपये की ठगी के आरोप में एक इमिग्रेशन कंपनी के प्रबंधकों पर केस दर्ज किया है। इस मामले में गांव दंदराला ढींढसा निवासी सुखविंदर सिंह ने संजय सिंह, उसकी पत्नी अर्पणा सरगोता के खिलाफ केस दर्ज करवाया है। संजय सिंह पहले ही एक मामले में गिरफ्तार है और रोपड़ जेल में बंद है। वहीं, उसकी पत्नी अर्पणा फरार है जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस को शिकायतकर्ता ने बताया कि उक्त आरोपियों ने सेक्टर-106 में एक कंपनी खोली थी। उसके किसी जानकार ने उसे बताया कि संजय सिंह कनाडा की पीआर दिलवा सकता है। उसने संजय से संपर्क किया तो उन्होंने इसके लिए सात लाख रुपये मांगे। उसने तीन लाख रुपये एडवांस दिए और उसके बाद वे उसे टाल-मटोल करने लगे। जब उसने दबाव बनाया तो फिर उसने कनाडा की नई स्कीम बारे में बताकर 12 लाख रुपये और लिए लेकिन विदेश नहीं भेजा। जब उसने पैसे वापस मांगे तो उसे सिर्फ एक लाख रुपये ही लौटाए। इससे परेशान होकर शिकायत दी तो पता चला कि इस कंपनी के खिलाफ पहले भी विदेश भेजने का झांसा देकर करीब 35.56 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला दर्ज है। मामले की जांच डीएसपी रैंक के अधिकारी ने की। इसके बाद एसएसपी ने मामला दर्ज करने के निर्देश दिए।