जीरकपुर। ढकोली रेलवे फाटक के पास मंगलवार शाम करीब सवा पांच बजे ट्रेन की चपेट में आने से एक किशोर की मौत हो गई। मृतक की पहचान 13 वर्षीय सूर्या उर्फ गुन्नू के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि सूर्या खेलते-खेलते रेलवे ट्रैक पर पहुंच गया। इस बीच वह चंडीगढ़ की ओर जा रही लखनऊ-चंडीगढ़ एक्सप्रेस (15011) की चपेट में आ गया। लोगों के मुताबिक, ट्रेन सूर्या को करीब 50 मीटर तक घसीटते हुए ले गई जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूर्या अपने माता-पिता का इकलौता बच्चा था और कक्षा छह में पढ़ता था। इस हादसे के बाद परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूर्या के पिता सुरिंदर ने बताया कि उन्हें पता ही नहीं कि कब उनका बेटा ट्रैक तक पहुंच गया। हादसे की सूचना रेलवे पुलिस को दी गई, तब तक शव ट्रैक पर ही पड़ा रहा।