मोहाली। मोहाली पुलिस ने दोपहिया वाहन चोर गिरोह के तीन चोरों को गिरफ्तार कर इनसे चोरी के 11 एक्टिवा स्कूटर और दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। डीएसपी सिटी-2 हरसिमरन बल ने बताया कि एक व्यक्ति पिछले समय दौरान इस क्षेत्र में स्कूटर चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था जिसे काबू किया गया है। आरोपियों की पहचान सागर उर्फ सैणी निवासी ई ब्लॉक कमांडो कांप्लेक्स फेज-11 मोहाली को काबू किया गया। पुलिस को उसके पास से चोरी के 9 एक्टिवा स्कूटर बरामद हुए हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस को सागर से पूछताछ के दौरान पता चला कि उसने अपने दो अन्य साथियों के साथ चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है। उनकी पहचान अंकुश निवासी फेज-11 व गुरप्रताप सिंह उर्फ मोहित निवासी पंजाब मंडी बोर्ड कॉलोनी सेक्टर-66 के रूप में हुई है। तीनों को पहले से दर्ज मामले में नामजद कर लिया है। उक्त दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके पास से पुलिस ने चोरी के दो एक्टिवा स्कूटर बरामद कर लिए हैं।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने बीती 17 अप्रैल को रिंपलदीप कौर निवासी गांव जोगी चीमा जिला गुरदासपुर (हाल निवासी फेज-5 मोहाली) के बयान पर आईपीसी की धारा 379 के तहत मामला दर्ज किया था। रिंपलदीप कौर का एक्टिवा चोरी हुआ था जिसकी जांच मोहाली पुलिस कर रही थी। बीते दिन सोहाना थाने में तैनात एएसआई शीश पाल व पुलिस पार्टी ने हाउसफेड कांप्लेक्स सेक्टर-85 मोहाली के पास नाकाबंदी दौरान सागर को चोरी के एक्टिवा सहित गिरफ्तार किया था। बाद में पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी के 9 एक्टिवा बरामद किए थे।