संवाद न्यूज एजेंसी
लांडरां /बनूड़। बनूड़ थाना पुलिस ने सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर 13 लाख रुपये की ठगी करने वाले एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जानकारी देते हुए थाना प्रमुख इंस्पेक्टर गुरसेवक सिंह ने बताया कि गांव बनूड़ थाना अंतर्गत गंजू खेड़ा निवासी सरबजीत कुमार के पुत्र शीतल कुमार ने जिला पुलिस प्रमुख से शिकायत की है। उनके गांव गंजू खेड़ा निवासी ओम प्रकाश पुत्र लाल चंद थाना बनूड़ ने सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनसे 13 लाख रुपये की ठगी की है। उसने शिकायत में लिखा था कि बार-बार मांगने पर ओम प्रकाश ने न तो उसे सरकारी नौकरी दी और न ही पैसे लौटाए। थाना प्रमुख इंस्पेक्टर गुरसेवक सिंह ने बताया कि इस शिकायत की जांच के बाद ओम प्रकाश के खिलाफ धारा 406, 420 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।