मोहाली। जिले में होने वाले निकाय चुनाव के लिए नामांकन भरने की प्रक्रिया तेज हो गई। सोमवार को जिले में कुल 129 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। इस दौरान मोहाली शहर और लालड़ू में 33-33 नामांकन दाखिल हुए। जबकि अन्य जगह भी उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल करना शुरू कर दिए हैं। मंगलवार को भाजपा और कांग्रेस के उम्मीदवार नामांकन दाखिल करेंगे। सेहत मंत्री बलबीर सिंह सिद्घू के भाई अमरजीत सिंह जीती सिद्घू भी इस दौरान ही नामांकन फार्म भरेंगे। इस मौके पर सेहत मंत्री बलबीर सिंह सिद्घू भी मौजूद रहेंगे।
जानकारी के मुताबिक निकाय चुनाव के लिए शनिवार से ही नामांकन पत्र भरने की प्रक्रिया शुरू हो गई थी। पहले दिन 72 लोगों ने नामांकन पत्र भरने के लिए बनाए गए सेटरों में जाकर नामांकन भरे थे। सेंटर में कोविड गाइडलाइन का पालन किया जा रहा है। वहीं, एक उम्मीदवार के साथ केवल पांच लोगों को नामांकन भरने के लिए आने की अनुमति दी है।
सोमवार को मोहाली में अधिकतर शिरोमणि अकाली दल के नेताओं ने अपने नामांकन दाखिल किए। इनमें कंवलजीत सिंह रूबी, हरमनप्रीत सिंह प्रिंस, इंद्रप्रीत कौर प्रिंस, अजय पाल सिंह मिंडू खेड़ा और सुरेश कुमारी समेत कई उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। हालांकि इस दौरान मोहाली शहर से 33, नयागांव से 5, बनूड़ से 6, कुराली से 2, डेराबस्सी से 10, जीरकपुर से 9, लालड़ू से 33 और खरड़ से 31 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र भरे हैं। हालांकि इससे पहले आजाद ग्रुप के 40 उम्मीदवार अपने नामांकन दाखिल कर चुके हैं। इस बार चुनावी मैदान में अकाली दल, भाजपा, कांग्रेस, आजाद ग्रुप और आम आदमी पार्टी का साझा ग्रुप चुनावी मैदान में टक्कर देगा।