कोठी दिलवाने और बैंक लोन के नाम पर पौने 12 लाख ठगे
पैसे मांगने पर दी जान से मारने की धमकी, आरोपी पर केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
जीरकपुर। ढकोली पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ कोठी दिलवाने और बैंक से लोन पास करवाने के नाम पर 11 लाख 45 हजार रुपये ठगने के आरोप में केस दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज केस में 406, 420 और 120बी के तहत केस दर्ज किया है। आरोपी की पहचान वरुण शर्मा निवासी विक्टोरिया हाइट्स पीरमुछल्ला के रूप में हुई है जो फिलहाल फरार चल रहा है।
पुलिस को दी शिकायत में शिकायतकर्ता गोपाल सोनी रहमत होम सोसायटी किशनपुरा ने बताया कि आरोपी ने 2021 में उसे सिग्मा सिटी-2 लोहगढ़ में कोठी दिलाने और लोन करवाने के नाम 11 लाख 45 हजार रुपये लिए थे। बाद में आरोपी ने उसे न तो कोठी दिलाई और न ही पैसे वापस दिए। पैसे का लेनदेन उनके फ्लैट पर हुआ था। इसकी शिकायत एसएसपी मोहाली को दे दी गई थी। इस मामले में प्राइवेट फाइनेंसर आशुतोष अरोड़ा की आरोपी के साथ मिली भगत होने के कारण उसका नाम भी मामले में दर्ज करने की सिफारिश भी की गई है। पुलिस ने एसएसपी मोहाली के आदेशों पर जांच करने के बाद केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।