ताइक्वांडो में मोहाली के खिलाड़ी बने विजेता
23 गोल्ड, 9 सिल्वर और पांच ब्रांज मेडल किए अपने नाम
गुरु नानक वीबीटी पॉलिटेक्निक कॉलेज में चैंपियनशिप का आयोजन
अमृतसर, पटियाला और संगरूर वाले दूसरे, तीसरे व चौथे स्थान पर रहे
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली। 14वीं अंतर जिला व ट्राइसिटी ताइक्वांडो चैंपियनशिप इंडस्ट्रियल एरिया फेज-एक गुरु नानक वीबीटी पॉलिटेक्निक में आयोजित की गई। इसमें पूरे पंजाब के खिलाड़ियों ने टैलेंट दिखाया। एसोसिएशन के महासचिव डायरेक्टर सतपाल सिंह रीहल ने बताया कि दो ट्रेनिंग सेंटरों के खिलाड़ियों ने इसमें हिस्सा लिया। मुकाबलों का शुभारंभ संस्था के उपप्रधान कंवलजीत सिंह वालिया ने किया। मुकाबलों में 23 गोल्ड, 9 सिल्वर व 5 ब्रांज मेडल जीतकर मोहाली के खिलाड़ियों ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि दस सोने, एक चांदी व एक कांस्य पदक जीतकर अमृतसर के खिलाड़ियों ने दूसरा व पटियाला के खिलाड़ियों ने तीसरा स्थान पाया। खिलाड़ियों ने क्रमश: छह सोने, पांच चांदी व दो कांस्य पदक जीते जबकि संगरूर की टीम पांच सोने, आठ चांदी और कांस्य पदक के साथ चौथे स्थान पर रही। समापन समारोह में एसोसिएशन के पैटर्न कर्नल रिटायर सीएस बावा, उपप्रधान कंवलजीत सिंह वालिया व गायक चरनजीत सिंह ने संयुक्त रूप में खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस मौके पर कोच, रेफरी व वालंटियर भी सम्मानित किए गए।
हारने वाले खिलाड़ी करें अधिक मेहनत
कर्नल सीएस बावा ने कहा कि शरीर के संपूर्ण विकास के लिए ताइक्वांडो एक बढ़िया कला है। यह खिलाड़ियों में आत्मविश्वास पैदा करती है। इसके अलावा खिलाड़ियों को अनुशासन सिखाया जाता है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को गेम्स में पूरी खेल भावना के साथ हिस्सा लेना चाहिए। हार-जीत तो चलती रहती है। हारने वाले खिलाड़ियों को घबराना नहीं चाहिए। साथ ही अधिक मेहनत करनी चाहिए।