एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस कंपनी पर प्रीमियम लेकर पॉलिसी न देने का आरोप
- महिला ने अधिकारियों की कारगुजारी से तंग आकर रीजनल ऑफिस में दर्ज करवाई शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
जीरकपुर।
एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस कंपनी पर एक महिला ने प्रीमियम लेकर पॉलिसी न देने का आरोप लगाया है। इस संबंध में महिला ने कंपनी के अधिकारियों को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। अधिकारियों ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।
आरती शर्मा निवासी जीरकपुर ने एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस के रीजनल ऑफिस में अधिकारियों को दी लिखित शिकायत में बताया कि डेढ़ वर्ष पहले पॉलिसी नंबर-1के041702709 खरीदी थी। इसके लिए 50 हजार रुपये बतौर प्रीमियम के लिए चेक द्वारा भुगतान किया था। शिकायत के अनुसार, डेढ़ वर्ष पहले एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस से खरीदी गई पॉलिसी आब तक रिसीव नहीं हुई। जबकि कंपनी के नियमानुसार पॉलिसी 30 दिनों अंदर जारी करना अनिवार्य है। ऐसा न होने पर पॉलिसी धारक द्वारा जमा करवाई गई राशि को ब्याज सहित वापस किया जाता है। आरोप है कि उक्त कंपनी ने डेढ़ वर्ष बीत जाने के बाद न तो मुझे पॉलिसी दी और न ही मेरे द्वारा दिया गया प्रीमियम (50 हजार) वापस किए। आरती ने बताया कि इस मामले को लेकर संबंधित अधिकारियों से बात की, लेकिन उन्होंने आश्वासन देकर टाल दिया। अब उन्होंने कंपनी के रीजनल ऑफिस के डायरेक्टर को शिकायत देकर मामले में बनती कार्रवाई की मांग की है।
कोट्स :::::::::
शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। पॉलिसी रिसीव न होने को लेकर संबंधित एजेंसियों से संपर्क किया जा रहा है, जिसके बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।
-देव शर्मा, असिस्टेंट मैनेजर, रीजनल ऑफिस, एसबीआई।