जमीन पर बैठकर परीक्षा देने को मजबूर विद्यार्थी
मलेरकोटला में बोर्ड के दावों की खुली पोल
चेयरमैन ने छापा मारकर स्कूल को तत्काल इंतजाम करने की दी हिदायत
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली। मलेरकोटला के एक स्कूल में विद्यार्थी जमीन पर बैठ कर बोर्ड परीक्षा देने को मजबूर हैं। यह हालात तब हैं जब पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड अपनी तैयारियों को पुख्ता बताता आ रहा है। बोर्ड चेयरमैन ने औचक चेकिंग कर इस स्कूल को तत्काल परीक्षार्थियों के लिए कुर्सी व मेज का इंतजाम करने की सख्त हिदायत दी।
बोर्ड चेयरमैन मनोहर कांत कलोहिया ने लुधियाना, संगरूर और पटियाला जिले के परीक्षा केंद्रों का मंगलवार को औचक दौरा किया था। मलेरकोटला के एसएस जैन मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में परीक्षा केंद्र पहली मंजिल पर बनाया था। यहां परीक्षार्थी जमीन पर बैठकर परीक्षा दे रहे थे। चेयरमैन ने स्कूल प्रबंधन की बदइंतजामी पर नाराजगी जताते हुए तत्काल अगली परीक्षा से पहले सभी प्रबंध पुख्ता करने की हिदायत दी है।
बोर्ड ने परीक्षा शुरू होने से पहले ही तैयारियों को लेकर अपनी पीठ थपथपानी शुरू कर दी थी। बोर्ड व प्रशासन का अमला भी हर इंतजाम पुख्ता होने के दावे कर रहा था, इसके बावजूद यह कमी सामने आई।