कार की टक्कर से पलटा आटो, विद्यार्थियों समेत 12 लोग घायल
खरड़-मोरिंडा नेशनल हाईवे पर बुधवार को हुआ हादसा
चंडीगढ़ यूनिसर्सिटी से छुट्टी के बाद घर लौट रहे थे विद्यार्थी
घायलों में अधिकतर कश्मीरी छात्र, चंडीगढ़ और खरड़ के अस्पताल में भेेजे गए
अमर उजाला ब्यूरो
खरड़ (मोहाली)। खरड़-मोरिंडा नेशनल हाईवे पर बुधवार को एक कार व आटो के बीच हुई सीधी टक्कर में विद्यार्थियों समेत 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से दो की हालत गंभीर है। घायल हुए लोगों में अधिकतर कश्मीरी विद्यार्थी बताए जा रहे हैं जिन्हें खरड़ और चंडीगढ़ के अस्पतालों में रेफर किया गया है। विद्यार्थी चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी से छुट्टी के बाद अपने घर लौट रहे थे। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी घडुआं से आटो चालक 12 सवारियों को बैठाकर निकला। वह यूनिवर्सिटी से थोड़ा आगे गया तो सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने आटो को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही आटो पलट गया और उसमें सवार लोग और विद्यार्थी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस के पायलट कुलदीप सिंह लाडी व सरकारी अस्पताल की एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं और सभी घायलों को सरकारी अस्पताल खरड़ में भर्ती करवाया। दुर्घटना में घायलों में अधिकतर जम्मू-कश्मीर से संबंधित विद्यार्थी हैं जो चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी घडुआं में पढ़ाई कर रहे हैं। घायलों की पहचान यूसफ पुत्र खान (22), दीपांशु शर्मा (25), निकाबऊला खान पुत्र शाह मुहम्मद (21), रजनों (33), अहमद (22), अमित (19), अब्दुल (21), अंकिता (21), दीपकांशा शर्मा (21), चेतन पुत्र मनोज (24), प्रशांत पुत्र प्रकाश (18) तथा आटो चालक नरिंदर सिंह निवासी घडु़आं के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल छात्र निकाबऊला व दीपकांशा शर्मा को प्राथमिक चिकित्सा देकर जनरल अस्पताल सेक्टर-16, चंडीगढ़ के लिए रेफर कर दिया है जबकि अन्य घायलों का इलाज सरकारी अस्पताल खरड़ में चल रहा है।
फोटो कैप्शन- उपचाराधीन घायल।