पंजाब सरकार के पेंशनर उतरे सड़कों पर
- ललकार रैली कर सरकार के खिलाफ निकाली भड़ास
- सरकार बनने से पहले किए वादे पूरे नहीं करने का लगाया आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली। पंजाब से आए पेंशनरों ने बुधवार को पंजाब गवर्नमेंट पेंशनर्स ज्वाइंट फ्रंट की अगुवाई में ललकार रैली की। इसमें बड़ी संख्या में पेंशनर्स ने भाग लेकर सरकार के खिलाफ भड़ास निकाली। अपने संबोधन में नेताओं ने कहा कि पंजाब सरकार विधानसभा चुनावों के दौरान पेंशनरों के साथ किए गए सभी वादों से मुकर गई है। वादा किया गया था कि कांग्रेस सरकार बनने के बाद तुरंत डीए की सभी किश्तों और महंगाई भत्तों के सभी बकाया जारी किए जाएंगे। साथ ही कहा था कि पंद्रह दिन के अंदर छठे वेतन आयोग की रिपोर्ट को लागू कर दी जाएगी परंतु आज तक वादे पूरे नहीं किए जिससे पेंशनरों में रोष है। अब सरकार ने सिर्फ महंगाई भत्तों की छह प्रतिशत किश्त देकर पेंशनरों और मुलाजिमों के साथ मजाक किया है जिसको लेकर पेंशनर लोकसभा चुनाव कांग्रेस को सबक सिखाएंगे। इस मौके फ्रंट के नेताओं बख्शीश सिंह, ठाकुर सिंह, महेंदर सिंह, प्रेम सागर शर्मा, महेंद्र सिंह परवाना (सभी कन्वीनर) ने संबोधित किया।