पीएसईबी चेयरमैन ने अधिकारियों से मीटिंग कर लिया फैसला
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली। पंजाब के आदर्श स्कूलों को मॉडल स्कूल की तरह विकसित करने के लिए बुधवार को पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड मुख्यालय में बैठक हुई। बोर्ड के चेयरमैन मनोहर कांत कलोहिया ने राज्य के 11 आदर्श स्कूलों के प्रिंसिपलों से मीटिंग कर जरूरी हिदायतें जारी कीं। इस बैठक में पीएसईबी के वाइस चेयरमैन बलदेव सचदेवा, सचिव प्रशांत कुमार गोयल, डायरेक्टर अकादमिक मनजीत कौर, निगरान इंजीनियर गुरिंदर पाल सिंह बाठ और आदर्श स्कूल सेल इंचार्ज अमरजीत कौर सहित अन्य अधिकारी शामिल थे।
चेयरमैन कलोहिया ने कहा कि अकादमिक रूप से कमजोर स्टूडेंट्स का स्तर ऊंचा उठाने की जिम्मेदारी प्रिंसिपल की है। उन्हें इस दिशा में सार्थक प्रयास करने चाहिए। उन्होंने कहा कि यह प्रिंसिपल की जिम्मेदारी है कि वो टीचर्स को इस काम के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि शिक्षा की बेहतरीन तकनीक का इस्तेमाल कर स्कूलों को मॉडल स्कूल की तरह विकसित करें। चेयरमैन ने निर्देश दिए की स्टूडेंट्स में शिक्षा के प्रति रुचि पैदा करने के लिए नियमित टेस्ट की जगह औचक टेस्ट लिए जाएं। इससे स्टूडेंट्स नियमित रुप से अपनी पढ़ाई के प्रति जागरूक हों। साथ ही उन्होंने कहा कि सामाजिक विज्ञान और पंजाबी, हिंदी व अंग्रेजी जैसे भाषाई विषयों में भी प्रैक्टिकल लागू करने के लिए आधार तैयार किया जाए।