ठेका मुलाजिम बोले, मुख्यमंत्री से मिलाओ इनाम पाओ
11 महीने से सीएम पंजाब नहीं दे रहे हैं मुलाकात का समय
सड़कों और मार्केटों में जाकर मुलाजिमों ने बांटे पोस्टर
जल्द मुलाकात का समय नहीं दिया तो मुलाजिम शुरू करेंगे भूख हड़ताल
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली।
11 महीने से सीएम पंजाब से मिलने के लिए धक्के खा रहे ठेका मुलाजिम एक्शन कमेटी ने शनिवार को अनूठे तरीके से रोष प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री से मिलाओ, इनाम पाओ प्रतियोगिता शुरू की। शहर की मार्केट और सड़कों पर पोस्टर व पंफलेट बांटे, जिसमें लिखा था कि जो सीएम पंजाब से उनकी मुलाकात करवा देगा, उसके घर 21 मुलाजिम मजदूरों की तरह 21 दिन काम करेंगे। इसी तरह पंजाब कांग्रेस प्रधान सुनील जाखड़ से मिलाने वाले के घर पर 11 मुलाजिम 11 दिनों तक काम करेंगे। मुलाजिमों का कहना है कि राज्य में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनने के बाद यह उम्मीद जगी थी कि अब उनकी सुनी जाएगी। मुलाजिमों का आरोप है कि सीएम पंजाब 11 महीने से उन्हें मीटिंग के लिए समय नहीं दे रहे। इस कारण मजबूरी में उन्हें संघर्ष की राह पर आना पड़ा है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले खुद कैप्टन ने उनकी हिमायत की थी, लेकिन अब पीछे हट रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनावों के समय लोगों से किए गए वायदे भूल गई है, लेकिन मुलाजिम उन्हें याद दिलाकर ही रहेंगे। मुलाजिमों का कहना है कि अगर जल्द सीएम ने उन्हें मीटिंग का समय नहीं दिया तो वह भूख हड़ताल करेंगे।
इस मौके पर ठेका कमेटी के प्रधान ईमानदार भट्टी, चेयरमैन सज्जन सिंह, महासचिव अशीष जुलाहा, प्रेस सचिव राजिंदर सिंह, गुरप्रीत सिंह, वरिंदर पाल सिंह, प्रवीन, दविंदर सिंह कई मुलाजिम हाजिर रहे। हालांकि पहले मुलाजिम फेज-आठ दशहरा मैदान में एकजुट हुए थे। इसके बाद रैली के रूप में शहर में निकले थे।
राहुल गांधी से मुलाकात पर मिलेगा यह तोहफा
ठेका मुलाजिम ने कहा कि यदि कोई दिल्ली तक पहुंच रखता है। साथ ही उनकी मीटिंग कांग्रेस प्रधान राहुल गांधी से करवा देता है तो उसे 51 मेंबर एक दिन का वेतन देंगे।