एसी बस स्टैंड बनाने वाली कंपनी के खिलाफ उतरे निवेशक
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली।
फेज-छह स्थित उत्तरी भारत के एसी बस टर्मिनल का निर्माण करने वाली कंपनी के खिलाफ निवेशकों ने मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को बस स्टैंड स्थित कंपनी के दफ्तर पहुंचकर निवेशकों ने कंपनी के खिलाफ जमकर नारेेबाजी की। उनका आरोप था कि कंपनी द्वारा उनके साथ विश्वासघात किया जा रहा है। उन्हें न तो अभी तक पजेशन दिया गया है और न ही उनके पैसे लौटाए जा रहे हैं।
इस दौरान सूचना मिलते ही पुलिस पार्टी भी पहुंच गई थी। इस दौरान इकट्ठे हुए निवेशकों का कहना है कि अगर कंपनी ने उनका भुगतान नहीं किया तो वह कंपनी के खिलाफ पुलिस को शिकायत देंगे। साथ ही कोर्ट जाने से भी पीछे नहीं हटेंगे। इस दौरान मीडिया कर्मियों ने कंपनी प्रतिनिधियों से संपर्क करने की कोशिश की तो उन्होंने बातचीत करने से साफ मना कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, ट्राइसिटी समेत विभिन्न शहरों के इन्वेस्टर शुक्रवार को यहां पहुंचे। उनका कहना था कि गत मीटिंग में कंपनी के प्रतिनिधि नोएडा से यहां आए थे। उन्होंने विश्वास दिलाया था कि उनकी पेमेंट अदा कर दी जाएगी, लेकिन अब कंपनी के अधिकारी पीछे हट रहे हैं। निवेशकों ने कंपनी के अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान निवेशकों ने कंपनी के चीफ जनरल मैनेजर ब्याज सहित पैसे देने की मांग की थी, लेकिन इस दौरान मीटिंग सिरे नहीं चढ़ी।
संघर्ष कमेटी के अध्यक्ष जसदीप सिंह ने कहा की आठ साल गुजरने के बाद भी काम शुरू नहीं हुआ है। कंपनी के अधिकारियों ने उन्हें आश्वासन दिया था की 8 नवंबर तक सभी निवेशकों के पैसे वापस मिल जाएंगे, लेकिन अब कोई बात सुनने को तैयार नहीं है। वहीं, राजिंदर कौर का कहना है की उन्हें प्रोजेक्ट शुरू होने से पहले बड़े-बड़े सपने दिखाए गए थे। इसी लालच में अपनी मेहनत की पूरी कमाई इस प्रोजेक्ट पर लगा दी। अब न प्रोजेक्ट का काम शुरू हो रहा है और न ही पैसे वापस किए जा रहे हैं।
चार महीने से सिक्योरिटी वालों को नहीं मिला वेतन
इस दौरान जब मीडियाकर्मी बस स्टैंड पर पहुंचे तो सिक्योरिटी में लगे मुलाजिमों ने बताया कि उन्हें भी चार महीने से वेतन नहीं मिला है। उन्होंने बताया कि सारे मुलाजिम किराए पर रहते हैं। पैसे न मिलने के कारण परिवार चलाना मुश्किल हो गया है। कंपनी द्वारा उनकी सुनवाई नहीं की जा रही है। मुलाजिमों ने साफ किया है कि अगर उन्हें रविवार तक वेतन नहीं दिया गया तो वह सोमवार से भूख हड़ताल शुरू कर देंगे।