गुरदासपुर को हरा मोहाली हॉकी के फाइनल में
जिम्नास्टिक में पटियाला ने मारी बाजी
राज्य स्तरीय खेल मुकाबलों में लड़कों के अंडर-18 वर्ग की हुईं प्रतियोगिताएं
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली। राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के हॉकी मुुकाबलों में मोहाली ने तरनतारन को हराकर सेमीफाइनल में और सेमीफाइनल में गुरदासपुर को 3-2 से मात देकर फाइनल में प्रवेश किया है। जिले में चल रहे राज्य स्तरीय खेल मुकाबलों में लड़कों के अंडर-18 वर्ग की प्रतियोगिताएं हुईं। इनमें हॉकी के साथ ही तैराकी और जिम्नास्टिक के मुकाबले करवाए गए। जिम्नास्टिक मुकाबलों में पटियाला 251 अंकों के साथ पहले स्थान पर रहा, लुधियाना 210 अंकों के साथ दूसरे व 194 अंकों के साथ जालंधर तीसरे स्थान पर रहा।
जिला खेल अधिकारी करतार सिंह ने बताया कि तैराकी व जिम्नास्टिक के मुकाबले सेक्टर-78 के खेल भवन में हुए जबकि हॉकी मुकाबले सेक्टर-63 के अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में करवाए गए। इन मुकाबलों के दूसरे दिन तैराकी के 50 मीटर ब्रैस्ट स्ट्रोक मुकाबले में जालंधर के अरुण गुलेरिया ने पहला, पटियाला के देव शर्मा ने दूसरा व मोहाली के हरसमीर ने तीसरा स्थान हासिल किया। 50 मीटर के बैक स्ट्रोक मुकाबलों में पटियाला के अरबाज ने पहला, होशियारपुर के सूर्यांश और मोहाली के युवकरण कंग ने संयुक्त रूप से दूसरा स्थान हासिल किया।
बुधवार को हुए हॉकी के क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में गुरदासपुर ने बठिंडा को 3-2 से हराया जबकि मोहाली ने तरनतारन को 4-1 से मात दी। एक अन्य क्वार्टर फाइनल मुकाबले में जालंधर ने पटियाला को 3-1 से हरा कर सेमिफाइनल में अपनी जगह बनाई। बुधवार को ही मोहाली व गुरदासपुर के बीच सेमीफाइनल मुकाबला खेला गया। इसमें मोहाली ने गुरदासपुर को 3-2 से हराकर फाइनल तक का सफर पूरा किया।