सांसद के गांव की सड़कें टूटी, स्वच्छता मुहिम की निकली हवा
गांव दांऊ की हालत खराब, लोग हो रहे रोजाना परेशान
कुछ समय पहले बनी सड़क में कई जगह बन गए गड्ढे
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली।
सांसद प्रो. प्रेम सिंह चंदूमाजरा द्वारा गोद लिए गए गांव दाऊं में जहां कुछ समय पहले सड़कें पूरी तरह से जवाब दे गई। वहीं, केंद्र सरकार की स्वच्छ भारत मिशन की भी हवा निकल गई है। इसके अलावा अन्य सुविधाएं भी राम भरोसे है।
जानकारी के मुताबिक, नेशनल हाईवे-21 से सटे ऐतिहासिक गांव दांऊ को करीब तीन साल पहले शिअद सांसद प्रो. प्रेम सिंह चंदूमाजरा ने गोद लिया था। इसके बाद गांव में जमीन के रेट काफी बढ़ गए थे। सांसद की ओर से गांव को गोद लेने के बाद ग्रामीणों को गांव में विकास कार्य शुरू होने की उम्मीद जगी थी, लेकिन तीन साल बीत जाने के बाद भी गांव की समस्या जस की तस बनी हुई है। सिर्फ एक कम्यूनिटी सेंटर और गांव की कुछ गलियां, नालियां ही बनीं, बाकी समस्याएं ज्यों की त्यों पड़ी है। इन समस्याओं के हल के लिए गांव के लोग कई बार सांसद से गुहार लगा चुके हैं, इसके बावजूद विकास कार्य शुरू नहीं हुए। गौर करने की बात यह है कि गांव में पानी के लिए ट्यूबवेल भी नहीं है। इस ऐतिहासिक गांव में हर रविवार को मेला लगता है। जिसमें बड़ी संख्या में लोग गांव के ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने आते हैं और लोगों को टूटी सड़कों और गलियों से गुजरना पड़ता है। पहले राज्य में अकाली भाजपा गठबंधन की सरकार थी और अब कांग्रेस पार्टी की सरकार बन गई है। इस गांव को अकाली सांसद प्रो. प्रेम सिंह चंदूमाजरा ने गोद लिया था। उन्हें सांसद कोटे से गांव में विकास कार्य करवाना था, जो अब तक नहीं हो सका। लोगों को उम्मीद थी कि गांव की हालत सुधरेगी, लेकिन उन्हें मायूसी ही हाथ लगी।
जगह-जगह गंदगी के ढेर
हाईवे से गांव के एंट्री प्वाइंट की सड़क से लेकर गांव की फिरनी तक जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हैं। एक ओर जहां पूरे देश में स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर इस ऐतिहासिक गांव में गंदगी और गांव की सफाई की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
सड़कें, गलियां और नालियां बन रही परेशानी
गांव दांऊ में कई गलियां टूटी पड़ी हैं। साथ ही फिरनी की सड़क में भी जगह जगह गड्ढे हो गए हैं। रात के समय सड़क से गुजरने वाले लोगों को काफी परेशानी होती है। वहीं गांव में कुछ गलियों की नालियां बेशक बनाई गई हैं, लेकिन बड़ी संख्या में गांव की कई नालियों की हालत खराब है। नेशनल हाईवे से गांव के गुरुद्वारा साहिब को जाने वाली सड़क के किनारे बनी नालियां में गंदगी भरी है। नालियों की सफाई न होने के कारण गांव में बीमारी फैलने का डर बना है।
रामगढ़ से गांव में आता है पानी
दांऊ के लोगों को पानी के लिए भी दूसरे गांव पर निर्भर रहना पड़ता है। यहां पानी की सप्लाई रामगढ़ में लगे ट्यूबवेल से होती है, इससे लोगों को आवश्यकता के अनुसार पानी नहीं मिल पाता है। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। करीब छह माह बीतने के बावजूद गांव में पानी के लिए ट्यूबवेल लगाने का काम शुरू नहीं हो पाया है। सांसद चंदूमाजरा ने करीब छह माह पहले गांव में ट्यूबवेल लगाने का नींव पत्थर रखा था। गांव में पानी की समस्या हल करने को लोग कई बार प्रशासन से भी गुहार लगा चुके हैं।