जीरकपुर। यूरो पैनल प्रोडक्ट लिमिटेड के जीरकपुर स्थित वेयरहाउस से 1060 शीटें गायब मिलने का मामला सामने आया है। कंपनी के मैनेजर राज किशोर यादव पर हेराफेरी कर कंपनी से धोखाधड़ी करने का गंभीर आरोप लगा है। इस संबंध में कंपनी के असिस्टेंट मैनेजर विलास ठुकराल का बयान बुधवार को पुलिस ने दर्ज किया। इसके बाद मामला दर्ज किया गया है। विलास ठुकराल ने पुलिस को बताया कि उनकी कंपनी के 17 वेयरहाउस देशभर में चल रहे हैं। उनमें से एक जीरकपुर के भबात में एसीसी गोडाउन है। यहां कंपनी साल 2022 से बिल्डिंग पर लगने वाली विशेष प्रकार की सीटों का स्टॉक रखती है। इसे पंजाब, हरियाणा और हिमाचल के डिस्ट्रीब्यूटर्स को सप्लाई किया जाता है। वेयरहाउस मैनेजर राज किशोर यादव चार साल से गोडाउन का पूरा प्रबंधन संभाल रहा है। कंपनी हर छह माह बाद स्टॉक का ऑडिट करती है। 31 अक्टूबर 2025 को किए ऑडिट में कुल 14,810 शीटों में से 1,060 शीटें कम मिलीं। विलास ने बताया कि कंपनी लगातार उससे कम हुए स्टॉक के बारे में पूछताछ करती रही, लेकिन वह हर बार जवाब देने से बचता रहा। उन्हें पूरा यकीन है कि मैनेजर ने अपनी जिम्मेदारी का दुरुपयोग कर माल की हेराफेरी की है।