फायर जीरकपुर। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर वोट मांगने आने वाले प्रत्याशियों से लोग सीधे सवाल करने लगे हैं। जीरकपुर का इस बार चुनावी मुद्दा बना है फायर बिग्रेड, कजोली वाटर वर्क्स व सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट। पहले जनता को मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं के प्रति प्रतिनिधियों को जगाने के लिए होर्डिंग्स लगाने का फैसला लिया गया था, लेकिन रेजिडेंट्स को एसडीएम दफ्तर से चुनाव आचार संहिता का हवाला दे परमिशन नहीं दी गई।
सोसाइटियों में वोट मांगने आने वाले उम्मीदवारों से पहले यहां के रेेजिडेंट्स सवाल कर रहे हैं। पटियाला संसदीय सीट से चुनाव लड़ रहे पंजाब डेमोक्रेटिक एलाइंस के उम्मीदवार डॉ. धर्मवीर गांधी वोट मांगने पहुंचे तो रेजिडेंट मनोज दास ने उन्हें जीरकपुर की समस्याओं से अवगत कराया और इसका एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया।
ये हैं लोगों की प्रमुख समस्याएं
1. शहर की सफाई, शहर से निकलने वाले सॉलिड वेस्ट का हल व डंपिंग ग्राउंड की व्यवस्था।
2. शहर की सड़कों का रखरखाव।
3. सोसाइटियों व शहर में समुचित सीवरेज सिस्टम व एसटीपी।
4. हर नागरिक के लिए स्वच्छ पीने का पानी कजोली वाटर वर्क्स से।
5. ट्रैफिक जाम की समस्या का हल, सिंघपुरा मोड़, मैक डोनाल्ड मोड़, पंचकूला मोड़ व पटियाला रोड पर ट्रैफिक प्रॉपर सिग्नल सिस्टम।
6. वायु प्रदूषण के लिए जिम्मेदार निजी कंपनियों पर कार्रवाई।
7. शहर में लॉ एंड ऑर्डर को दुरुस्त रखने के लिए उपयुक्त पुलिस बल की व्यवस्था।
8. दिल्ली से पंचकूला साइड आते हुए ट्रैफिक के बाईपास के लिए पीआर 7 रिंग रोड का शीघ्र निर्माण।