डेराबस्सी। एक विशेष नाकाबंदी के दौरान डेराबस्सी पुलिस ने ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। इसमें ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के आरोप में चालान के साथ एक दर्जन के करीब वाहनों को जब्त किया गया है। डीएसपी राजेश कुमार और थाना प्रभारी डेराबस्सी इंस्पेक्टर सुमित मोर ने बताया कि जिले भर में लगभग 75 स्थानों पर नाकाबंदी की गई। इस मुहिम का मुख्य उद्देश्य कानून व्यवस्था को मजबूत करना, आपराधिक तत्वों पर नजर रखना और नशीले पदार्थों की तस्करी जैसी गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना था। डीएसपी ने बताया कि नाकाबंदी के दौरान बिना दस्तावेजों के वाहन चलाने वालों के 10 वाहन जब्त किए गए, जबकि 15 ड्राइवरों को ट्रैफिक और सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने पर जुर्माना किया गया है। डीएसपी राजेश कुमार ने कहा कि भविष्य में भी ऐसी कार्रवाइयां जारी रहेंगी ताकि डेराबस्सी क्षेत्र नशा और अपराध मुक्त रहे।