गांव कोटधरमू स्थित एक पेट्रोल पंप पर सोमवार देर रात किसानों ने जमकर हंगामा काटा। किसानों का कहना था कि पेट्रोल पंप पर डीजल में पानी मिलाया जा रहा है।
किसानों के आक्रोश को देख पेट्रोल पंप संचालक मौके से चला गया। सूचना पर डीएसपी रविंदर सिंह मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाते हुए पंप सील कर दिया।
मंगलवार को पुलिस ने इंडियन ऑयल की टीम को बुलाकर डीजल के सैैंपल लेकर जांच के लिए भेजे।
जानकारी के अनुसार तेजा सिंह, नछत्तर सिंह, जगतार सिंह व गुरसेवक सिंह नंगलकलां, जगमेर सिंह लखवीर वाला ने कोटधरमू पेट्रोल पंप से पांच ड्रम डीजल खरीदा और ट्रैक्टर में भी डलवाया।
इसके बाद वे घर लौट गए। कुछ समय बाद ट्रैक्टर बंद हो गया। किसानों ने बताया कि जांच की गई तो पता चला कि डीजल में पानी की मिलावट है।
उन्होंने तुरंत पेट्रोल पंप मालिक को फोन पर सूचित किया। इसके बाद सभी किसान एकजुट होकर ट्रैक्टर समेत पेट्रोल पंप पर पहुंच गए। पंप मालिक को भनक लगते ही कर्मचारी वहां से निकल गए।
किसान वहां पहुंचे और पेट्रोल पंप को घेर लिया। रात 11 बजे तक किसान पेट्रोल पंप मालिक के खिलाफ नारेबाजी करते रहे।
घटना की सूचना मिलते ही थाना मुखी कृष्ण कुमार व डीएसपी रविंदर भारद्वाज पुलिस बल समेत मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों के आक्रोश को देखते हुए पेट्रोल पंप को सील कर दिया।
मंगलवार को इंडियन ऑयल कंपनी की टीम को बुलाकर डीजल के सैंपल लिए गए। डीएसपी रविंदर भारद्वाज व थाना कोटधरमू इंचार्ज कृष्ण कुमार ने बताया कि डीजल के सैंपल ले लिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।