दरवाजा देरी से खोलने पर टिब्बा रोड स्थित कबीर नगर इलाके में एक रिक्शा चालक ने अपने पड़ोसी युवक पर लोहे की पाइप से हमला कर उसकी हत्या कर दी। हत्या करने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया। सूचना मिलने के बाद थाना बस्ती जोधेवाल और चौकी टिब्बा रोड की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच के बाद रमा शंकर (35) का शव कब्जे में लिया। इस मामले में रमा शंकर के साले के बेटे नितीश की शिकायत पर उसके पड़ोसी शाम पाल के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे इलाके से ही गिरफ्तार कर लिया है।
थाना बस्ती जोधेवाल के अधीन आती चौकी टिब्बा रोड के इंचार्ज एएसआई स्वर्ण सिंह ने कहा कि रमा शंकर मूल रुप से उत्तर प्रदेश के जिला बरेली का रहने वाला है। यहां पर वह कबीर नगर इलाके में रहता है और होजरी फैक्टरी में काम करता था। आरोपी शाम पाल उसके पड़ोस में रहता था और रिक्शा चालक था। शुक्रवार देर रात को शाम पाल देरी से घर आया। उसने बेहड़े का दरवाजा खटखटाया तो किसी ने दरवाजा नहीं खोला।
इस पर रमा शंकर दरवाजा खोलने के लिए गया तो शाम पाल के साथ उसकी इस बात पर कहासुनी हो गई कि उसने जानबूझ कर दरवाजा देरी से खोला है। कहासुनी के दौरान आरोपी शामपाल ने रमाशंकर के सिर पर पास में पड़ी लोहे की पाइप मार दी। जिससे वह बुरी तरह से लहूलुहान हो गया। इस पर आरोपी वहां से फरार हो गया। घायल रमा शंकर को अस्पताल ले जाने से पहले ही उसकी मौत हो गई। एएसआई स्वर्ण सिंह ने कहा कि पुलिस ने आरोपी शाम पाल को इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके कब्जे से हत्या की वारदात में इस्तेमाल की जाने वाली लोहे की पाइप भी बरामद कर ली गई है। पुलिस आरोपी को रविवार अदालत में पेश करेगी।