पंजाब के जगरांव में लगभग 23 दिन पहले मोहल्ला मुकंद पुरी में 10 से 12 लोगों ने चिट्टा बेचने के शक में एक घर में घुसकर 37 साल व्यक्ति को पीट-पीट कर मार दिया था। मामले में पुलिस ने कुल 14 लोगों पर हत्या का मामला दर्ज किया था। मामले में मुख्य महिला आरोपी ने बुधवार को अदालत में सरेंडर किया है। महिला नरिंदर कौर नंदी मोहल्ला मुकंद-पुरी जगरावं की रहने वाली है। पुलिस ने कोर्ट से आरोपी महिला 5 दिन का पुलिस रिमांड मांगा, लेकिन अदालत ने 3 दिन का रिमांड मंजूर किया है।
थाना सिटी इंचार्ज अमृतपाल सिंह ने बताया कि करीब 23 दिन पहले आरोपी महिला ने अपने अन्य साथियों संग मिलकर जसवीर सिंह निवासी मुकंद-पुरी को पीट-पीट कर मौत के घाट उतारा था। आरोपी महिला मृतक के घर से एलसीडी समेत अन्य समान उठा कर ले गई थी।
इन आरोपियों पर दर्ज हुआ था केस
जसवीर सिंह की मौत मामले में पुलिस ने प्रताप सिंह उर्फ चंन्नी निवासी कुक्कड बाजार, जोता प्रधान निवासी अगवाड़ गुजरा, दीपू, नरिंदर कौर उर्फ नंदी निवासी मुकंद-पुरी, अमना, पूजा, नंदी का भांजा, काला नंदी का भाई बब्बू नंदी की भाभी व 5 अज्ञात के खिलाफ धारा 302, 379, 452, 506, 148, 149 के तहत थाना सिटी में मामला दर्ज किया था ।व
यह था पूरा मामला
मृतक की पत्नी हरप्रीत कौर ने पुलिस को दर्ज करवाए बयानों में बताया था कि वह घरेलू कामकाज करती है। जबकि उसका पति वॉलपेपर लगाने का काम करता है। 17 जून को दिन दिहाड़े आरोपी हथियार, बेसवाल के डंडे आदि लेकर जबरदस्ती उसके घर में घुसे और उसके पति पर हमला कर दिया। आरोपियों ने उसके पति को पीट पीट कर मौत के घाट उतार दिया। पीड़ित महिला ने बताया कि उनके मोहल्ले में रहने वाला एक गोलू नामक युवक नशे से मर गया था। आरोपियों को शक था कि गोलू को चिट्टा उसके पति ने दिया था। इसी को लेकर आरोपियों ने उनके घर में घुस कर पति को मार डाला। इस दौरान आरोपी उस के घर में खड़ा बाइक एलसीडी मोबाइल समेत अन्य सामान भी गए थे।