जमीन के पैसे न मिलने से दुखी युवक ने घर में पंखे से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना गांव कुलार खुर्द की है। थाना सदर पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान पर जमीन खरीदने वाले व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि गांव कुलार खुर्द निवासी 30 वर्षीय नौजवान जगतार सिंह और उसके परिवार ने अपनी जमीन गांव मांगेवाल में रहने वाले चमकौर सिंह को बेची थी। चमकौर सिंह बकाया 3 लाख 75 हजार रुपये देने में लगातार टालमटोल कर रहा था। इससे आहत होकर जगतार सिंह ने खुदकुशी कर ली। जगतार सिंह के पारिवारिक सदस्यों के बयान के आधार पर पुलिस ने चमकौर सिंह निवासी मांगेवाल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश में छापे मार रही है।