लुधियाना। शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में थाना जमालपुर पुलिस ने एक युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी की पहचान आशीष निवासी भामियां रोड स्थित राधा विहार कॉलोनी के रूप में हुई है। आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पीड़ित युवती ने पुलिस को बताया कि वह आरोपी से करीब छह माह पहले मिली थी। दोनों में पहले दोस्ती और फिर प्यार हो गया था। अगस्त में आरोपी ने उसे बहाने से अपनी मौसी के घर बुलाया। जहां उसने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। जब उसने शादी का दबाव बनाया तो उसने शादी करने से मना कर दिया और उसे जान से मारने की धमकी देने लगा। इसके बाद उसने पुलिस में मामला दर्ज कराया। एएसआई सुखबिंदर सिंह के अनुसार आरोपी अभी गिरफ्त से बाहर है। तलाश की जा रही है, जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। युवती की मेडिकल जांच कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।