- खन्ना पुलिस के थाना समराला में तैनात है आरोपी, सीएम के पोर्टल पर की थी शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। आपराधिक मामला दर्ज न करने के एवज में नौ हजार रुपये की रिश्वत लेने वाले खन्ना जिला पुलिस के थाना समराला में तैनात एएसआई बलदेव राज को विजिलेंस ने गिरफ्तार किया है। टीम ने आरोपी को नौ हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है। समराला के गांव भल्ल माजरा निवासी राम सिंह ने सीएम के भ्रष्टाचार विरोधी पोर्टल पर शिकायत दी थी।
विजिलेंस अधिकारियों के अनुसार राम सिंह ने आरोप लगाया कि उसकी बेटी और दामाद के खिलाफ एक शिकायत थी। आरोपी एएसआई ने मामला दर्ज न करने की एवज में नौ हजार रुपये रिश्वत मांगी। उसने एएसआई को पैसे दे दिए, लेकिन उसके बाद भी उसकी बेटी और दामाद के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया। इसके बाद राम सिंह ने शिकायत की और जांच विजिलेंस लुधियाना के पास पहुंची। टीम ने जांच की और सारे सबूत राम सिंह से लिए। इसके बाद ट्रैप लगाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।