हूटर बजने और पुलिस पेट्रोलिंग टीम पहुंचने पर लूटेरे फरार
संवाद न्यूज एजेंसी
हलवारा। लुटेरों ने कस्बा पक्खोवाल में कोटक महिंद्रा बैंक के एटीएम को लूटने की नाकाम कोशिश की। बाइक सवार दो लुटेरे शुक्रवार तड़के साढ़े तीन बजे एटीएम बूथ का शटर तोड़कर अंदर दाखिल हो गए थे। एटीएम को काटने की कोशिश के दौरान बैंक के मुंबई हेडक्वार्टर में हूटर बज गया। मुंबई से अधिकारियों ने शाखा मैनेजर राहुल वोरी को फोन करके बताया कि लुटेरे एटीएम तोड़ रहे हैं और अभी वहीं मौजूद हैं।
बैंक मैनेजर ने एक बैंक कर्मी को कुछ लोगों के साथ बैंक की तरफ जाने को कहा, साथ ही थाना सुधार के प्रभारी जसविंदर सिंह के अलावा पुलिस कंट्रोल रूम को भी सूचित कर दिया। थाना सुधार के असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल की तरफ पहुंचे। पुलिस टीम की बाइक आता देख लुटेरे बिना लूट किए फरार हो गए।
थाना सुधार के प्रभारी जसविंदर सिंह बैंक भी घटना के 20 मिनट बाद बैंक पहुंच गए और जांच शुरू कर दी। पुलिस बैंक और आसपास के सीसीटीवी भी खंगाल रही है। उनका कहना है कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।