लुधियाना। नशा तस्करों के खिलाफ छेड़ी मुहिम के अधीन 24 घंटों के दौरान पुलिस ने विभिन्न जगहों पर कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 200 ग्राम हेरोइन, 2.80 लाख ड्रग मनी, कार और 1.3 किलो गांजा बरामद किया गया। पुलिस की सीआइए-2 टीम ने भामियां रोड की गुरु रामदास कालोनी इलाके में की गई नाकाबंदी के दौरान कार सवार महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 200 ग्राम हेरोइन और नशा बेच इकट्ठी की गई दो लाख 80 हजार की ड्रग मनी बरामद की थी। इस मामले में थाना जमालपुर में भामिया खुर्द निवासी साहिल और सुनीता रानी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया। जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी है।