लुधियाना। गोरखपुर से चरस की खेप लाकर महानगर में सप्लाई करने वाले दो आरोपियों को थाना पीएयू की पुलिस ने गिरफ्तार कर 13.8 किलो चरस बरामद की है। आरोपियों की पहचान मोगा के गांव पंडोरी राइया निवासी शुकर सिंह और बिहार के जिला मोतिहारी निवासी जय प्रकाश के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया। वहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। थाना पीएयू के एसएचओ सब इंस्पेक्टर जसकमल सिंह ने बताया कि पुलिस पार्टी ने हंबड़ा रोड के पास नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान आरोपी वहां से गुजर रहे थे। पुलिस पार्टी को देख आरोपी घबरा गए। पुलिस ने आरोपियों को नाकाबंदी के दौरान गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चरस बरामद की। पुलिस पूछताछ में पता चला कि आरोपी काफी समय से चरस सप्लाई का धंधा करते हैं।