संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। गणतंत्र दिवस को लेकर सूबे में सुरक्षा को लगातार चौकस किया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को लुधियाना कमिश्नरेट की पुलिस टीम ने बस स्टैंड पर जांच पड़ताल की। इस दौरान यात्रियों एवं उनके सामान की जांच की गई। पुलिस अफसरों का कहना है कि आने वाले दिनों में भी इसी तरह की पड़ताल जारी रहेगी। इसके अलावा होटल मालिकों को भी ग्राहकों का पूरा विवरण रखने को कहा गया है। साथ ही किसी भी तरह के संदिग्ध व्यक्ति या सामान के बारे में पुलिस को सूचित करने के लिए भी लोगों को कहा गया। एडीसीपी रमनदीप भुल्लर की अध्यक्षता में पुलिस टीम ने बस स्टैंड पर सर्च ऑपेरशन शुरू किया। पुलिस ने बस स्टैंड पर तमाम सीसीटीवी कैमरों को बारीकी से खंगाला और यात्रियों से भी पूछताछ की। इसके अलावा शहर में प्रमुख चौराहों पर नाकाबंदी की जा रही है। अफसरों ने कहा कि आने वाले दिनों में यह अभियान जारी रहेगा। शरारती तत्वों पर भी पैनी नजर रखी जा रही है। उन्होंने आम लोगों को पुलिस का सहयोग करने की भी अपील की।