पटियाला। पटियाला शहर में बढ़ते ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने सोमवार से दो प्रमुख सड़कों पर क्रॉसिंग को अस्थायी तौर पर बंद करने का फैसला किया है। यह निर्णय विभिन्न ट्रैफिक यूनिटों द्वारा किए गए ग्राउंड सर्वे के आधार पर लिया गया है, ताकि यातायात सुचारू किया जा सके और जाम की समस्या कम हो। एसपी ट्रैफिक एचएस मान ने बताया कि खंडा चौक से गुरुद्वारा दुखनिवारण साहिब जेल रोड की लाइटों तक सड़क को बैरिकेडिंग कर डिवाइडर में बदला जाएगा। इससे पासी रोड से मेन रोड की ओर जाने वाला कट बंद रहेगा। सरहिंद रोड से पासी रोड की ओर जाने वाले वाहन खंडा चौक से यू-टर्न ले सकेंगे या दुखनिवारण साहिब की लाइटों से दाएं मुड़कर एनवायरनमेंट पार्क रोड का उपयोग कर सकेंगे। पासी रोड से खंडा चौक की ओर जाने वालों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग और यू-टर्न की व्यवस्था की गई है। डीएसपी ट्रैफिक पुनीत सिंह चहल ने बताया कि फव्वारा चौक से ठीकरी वाला चौक तक डिवाइडर बढ़ाकर दोनों चौकों को मिलाकर एक बड़ा सर्कुलर रोड बनाया जा रहा है। इससे लोअर माल रोड से मेन पोस्ट ऑफिस और पुराने बस स्टैंड की ओर जाने वाले वाहनों को सुविधा मिलेगी और फव्वारा चौक पर लगने वाला जाम कम होगा। ब्यूरो