बठिंडा। बठिंडा में एक बड़ी रेल दुर्घटना होने से बच गई। एक अज्ञात व्यक्ति ने रेलवे ट्रैक पर लोहे का मंजा रखकर पंजाब मेल को पलटाने की कोशिश की। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जब सवारियों से भरी पंजाब मेल ट्रेन मानसा से चलकर बठिंडा ट्रैक पर पहुंच रही थी, तभी ट्रेन के ड्राइवर की नजर दूर से ट्रैक पर रखी संदिग्ध वस्तु पर पड़ी। उसने तुरंत ब्रेक लगाकर ट्रेन रोकी और पुलिस को सूचना दी। जांच के दौरान पता चला कि किसी ने जानबूझकर लोहे का मंजा ट्रैक पर रखा था। सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान मानसा निवासी लाली सिंह के रूप में हुई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। थाना जीआरपी प्रभारी जसवीर सिंह ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि उसकी मंशा क्या थी। इस घटना ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी और ड्राइवर की सतर्कता के चलते एक बड़ा हादसा बच गया और सैकड़ों यात्रियों की जान बच गई। संवाद